जबलपुर। बरेला थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां डायल 112 वाहन में तैनात एक पुलिसकर्मी पर नशे की हालत में हंगामा करने और युवक के साथ मारपीट करने के आरोप लगे हैं। घटना सलैया पड़वार गांव की बताई जा रही है, जहां आरक्षक पतिराम मरकाम कथित तौर पर शराब के नशे में पहुंचा था और सड़क पर अजीब हरकतें कर रहा था।
जानकारी के अनुसार गांव के ही युवक अमित से किसी बात को लेकर उसकी कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। आरोप है कि पुलिसकर्मी ने वर्दी का रौब दिखाते हुए युवक की बीच सड़क पर पिटाई शुरू कर दी। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन स्थिति काफी देर तक तनावपूर्ण बनी रही।
इस घटना का वीडियो वहां मौजूद लोगों ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ गई है और पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
मामले के तूल पकड़ने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने जांच के आदेश दे दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो और शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है, और आरोप सही पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।