बालाघाट -में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां 9वीं कक्षा की 15 वर्षीय छात्रा के साथ दुष्कर्म के बाद उसने आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी और तनाव का माहौल बना हुआ है।
पुलिस जांच में सामने आया कि करीब एक सप्ताह पहले रात में आरोपी अजीत बाहेश्वर (22) छात्रा के घर पहुंचा और उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। आरोपी अपने साथी लवकुश कोहरे के साथ छात्रा को गांव से दूर खेत में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। विरोध करने पर छात्रा के साथ मारपीट भी की गई।
घटना के बाद छात्रा ने घर छोड़ने की गुहार लगाई, लेकिन आरोपी ने अपने साथी को उसे छोड़ने के लिए भेजा। रास्ते में ही उसे अकेला छोड़ दिया गया। देर रात डरी-सहमी छात्रा घर लौटने की कोशिश करती रही, लेकिन मानसिक तनाव के चलते उसने गांव के पास एक पुलिया पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। अगले दिन सुबह उसका शव मिला।
शुरुआत में मामला स्पष्ट नहीं हो पाया था, लेकिन समाज और जनप्रतिनिधियों के दबाव के बाद पुलिस ने जांच तेज की। सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल्स खंगालने पर पूरी घटना का खुलासा हुआ। इसके बाद केस को आत्महत्या से बदलकर दुष्कर्म और आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में दर्ज किया गया।
पुलिस ने आरोपी के साथी लवकुश कोहरे को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी अजीत बाहेश्वर फरार है। उसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
घटना को लेकर क्षेत्र में आक्रोश है। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की ।