सिवनी। धूमामाल गांव में खेत के कुएं में काम करते समय एक मजदूर की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब मजदूर पानी की मोटर का विद्युत कनेक्शन जोड़ रहा था। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस के मुताबिक ग्राम धूमामाल निवासी मुकेश पिता अंतूलाल तेकाम मंगलवार शाम करीब 6 बजे खेत के कुएं में लगी पानी की मोटर का बिजली कनेक्शन जोड़ रहे थे। इसी दौरान अचानक विद्युत प्रवाह शुरू हो गया और मुकेश करंट की चपेट में आ गए। तेज करंट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास खेतों में काम कर रहे लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों सहित पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में मिले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।