जबलपुर। शहर के कृष्णा विहार इलाके में 27 वर्षीय युवक अखिलेश लोधी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मृतक के बड़े भाई आकाश लोधी ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर जब वे मौके पर पहुंचे तो अखिलेश का शव कमरे में सोफे पर पड़ा मिला। परिजनों का कहना है कि जिस गमछे से फांसी लगाने की बात कही जा रही है, वह फर्श पर पड़ा हुआ था।
परिवार का आरोप है कि कमरे का दरवाजा भी अंदर से बंद नहीं था। आकाश लोधी के अनुसार दरवाजे को धक्का देने पर वह आसानी से खुल गया, जिससे पूरे मामले पर संदेह और गहरा गया है।
परिजनों ने आरोप लगाया कि अखिलेश के साथ रहने वाले उसके रूममेट सिद्धार्थ पटेल ने घटना के बाद मृतक की उंगली का इस्तेमाल कर मोबाइल फोन का लॉक खोला और कुछ लोगों को कॉल कर सूचना दी।
मृतक के भाई ने पुलिस से मांग की है कि केवल एक पक्ष के बयान के आधार पर निष्कर्ष न निकाला जाए, बल्कि घटनास्थल से मिले सभी साक्ष्यों और परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए गहन जांच की जाए।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।