जबलपुर - साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने खुद को पूर्व स्टूडेंट बताकर शिक्षिका से लाखों रुपये ठग लिए। पीड़िता श्रुति सेन से ‘लंदन से गिफ्ट’ भेजने के नाम पर अलग-अलग खातों में करीब 4 लाख 45 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए गए।
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह गुरुकुल स्कूल में शिक्षिका हैं। उनकी इंस्टाग्राम आईडी पर एक युवक ने संपर्क किया और खुद को उनका पुराना छात्र बताते हुए कहा कि वह दिल्ली में नौकरी करता है। बातचीत के दौरान उसने महंगे गिफ्ट भेजने की बात कही, जिसमें सोने-हीरे के आभूषण होने का दावा किया।
युवती द्वारा मना करने के बावजूद आरोपी ने पार्सल भेजने की बात कहकर ‘लंदन टैक्स’ के नाम पर पैसे मांगना शुरू कर दिया। आरोपी ने बार-बार अलग-अलग खातों में भुगतान करवाया। भरोसे में आकर पीड़िता ने गूगल पे के माध्यम से रकम ट्रांसफर कर दी।
करीब 15 दिन तक पार्सल नहीं पहुंचने पर पीड़िता को शक हुआ। जब उसने आरोपी को कॉल किया तो उसने पूरा भुगतान करने के बाद ही पार्सल मिलने की बात कही। इसके बाद ठगी का एहसास हुआ।
पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों के झांसे में आकर किसी भी तरह का भुगतान न करें और ऐसे मामलों में तुरंत पुलिस को सूचना दें।