akhbaar update

मकान की खुदाई में मिला 12 किलो का जिंदा बम, मचा हड़कंप; सेना ने संभाला मोर्चा

 



जबलपुर-  शहर से सटे गदेरी गांव में मकान निर्माण के लिए की जा रही खुदाई के दौरान 12 किलो वजनी जिंदा बम मिलने से हड़कंप मच गया। बम मिलने के बाद मजदूरों ने तत्काल काम बंद कर दिया और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सुरक्षा घेरा बनाकर बम को सेना के हवाले कर दिया।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम गदेरी गांव में एक मकान की नींव के लिए खुदाई की जा रही थी। इसी दौरान करीब 4 फीट गहराई पर मजदूरों को मिट्टी के अंदर लोहे जैसी कोई वस्तु दिखाई दी। जब उसे बाहर निकाला गया तो वह बम निकला। यह देखते ही मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई और उन्होंने जमीन मालिक को सूचना दी।

50 मीटर तक तबाही मचाने में सक्षम यूएक्सओ बम

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बरामद विस्फोटक यूएक्सओ (Unexploded Ordnance) बम है, जो करीब 50 मीटर के दायरे में गंभीर नुकसान पहुंचाने की क्षमता रखता है। खास बात यह है कि जिस स्थान से बम मिला, वह आयुध निर्माणी खमरिया से लगभग 6 किलोमीटर दूर बताया जा रहा है।

बम देखने उमड़ी भीड़, पुलिस ने खाली कराया क्षेत्र

जमीन से जिंदा बम मिलने की खबर गांव में फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए खमरिया पुलिस ने भीड़ को तत्काल पीछे हटाया और क्षेत्र को सुरक्षित कराया। अधिकारियों के अनुसार, बम जमीन में दबा हुआ था और उसे हिलाने-डुलाने पर विस्फोट का खतरा बना हुआ था।

सेना करेगी सुरक्षित तरीके से डिफ्यूज

पुलिस ने सेना के अधिकारियों से संपर्क कर बम की जानकारी दी और उसे उनके सुपुर्द कर दिया। अब सेना की विशेषज्ञ टीम बम को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय (डिफ्यूज) करेगी। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है कि बम जमीन के भीतर कैसे और कब से दबा हुआ था।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update