akhbaar update

12 लाख में बेची गई 12 साल की मासूम, मां-सौतेले पिता समेत 5 गिरफ्तार

 



राजगढ़ मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक मां और उसके सौतेले पति पर अपनी 12 साल की बेटी को 12 लाख रुपए में बेचने का आरोप लगा है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी अभी फरार है।

पुलिस के मुताबिक, पीड़िता के पिता की जनवरी 2025 में अत्यधिक शराब सेवन के कारण मौत हो गई थी। इसके बाद बच्ची की मां ने गुना निवासी पवन उर्फ परमाल गुर्जर से दूसरी शादी कर ली। शादी के बाद पवन बच्ची और उसकी मां को राजगढ़ ले आया। यहां 3 फरवरी 2025 को 12 साल की बच्ची की शादी 26 वर्षीय भोला उर्फ भोलाराम गुर्जर से करा दी गई।

जांच में सामने आया कि इस शादी के बदले आरोपियों ने 8 लाख रुपए नकद और करीब 4 लाख रुपए के जेवर लिए थे। आरोप है कि शादी की पहली रात ही पति भोला ने बच्ची से दुष्कर्म किया। इसके बाद सौतेले पिता पवन उर्फ परमाल गुर्जर ने भी कई बार उसके साथ रेप किया।

पुलिस ने मामले में भोला उर्फ भोलाराम, देवराज गुर्जर, सागर गुर्जर, शैतानबाई और पीड़िता की मां को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं फरार मुख्य आरोपी पवन उर्फ परमाल गुर्जर की तलाश जारी है। उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया है।

मां ने की तीसरी शादी, बच्ची को छोड़ दिया

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि लंबे समय तक डर और धमकियों के कारण वह चुप रही। बाद में आरोपी पवन बच्ची की मां को छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद मां ने राजस्थान में तीसरी शादी कर ली और बच्ची को राजगढ़ में शैतानबाई के घर छोड़ दिया। वहां उससे घरेलू काम कराया जाता था। इसी दौरान आरोपी देवराज गुर्जर ने भी उसके साथ दुष्कर्म किया।

काउंसलिंग में खुला पूरा मामला

मामले की जानकारी पुलिस अधिकारियों तक पहुंचने के बाद बच्ची को सुरक्षित संरक्षण में लिया गया। काउंसलिंग के दौरान पीड़िता ने पूरी आपबीती बताई। इसके बाद पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार किया। मामले की जांच जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp