जबलपुर। अधारताल थाना क्षेत्र में ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है, जहां इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती के बाद एक युवती को CBI अफसर बनकर ठगों ने शिकार बना लिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता शगुन तिवारी (21), निवासी शारदा कॉलोनी न्यू कंचनपुर, बी फार्मा की छात्रा है। उसने पुलिस को बताया कि करीब डेढ़ महीने पहले उसकी पहचान इंस्टाग्राम पर रवि शर्मा नाम के युवक से हुई थी। दोनों के बीच व्हाट्सएप और कॉल के जरिए बातचीत होने लगी।
आरोप है कि 24 मार्च को रवि शर्मा ने बताया कि वह लंदन से मुंबई आ रहा है और फिर जबलपुर आएगा। अगले दिन उसने फोन कर कहा कि मुंबई एयरपोर्ट पर उसे CBI अधिकारियों ने रोक लिया है क्योंकि उसके पास सोना है और टैक्स देना होगा। इसके बाद एक अन्य व्यक्ति ने खुद को CBI अफसर बताकर युवती से संपर्क किया और पैसे की मांग की।
युवती उनके झांसे में आ गई और अलग-अलग क्यूआर कोड पर पैसे भेजने लगी। 25 मार्च को 9 हजार रुपये, 26 मार्च को 6 हजार और 28 मार्च को 12 हजार रुपये ट्रांसफर किए। इसके बाद भी ठग लगातार और पैसे की मांग करते रहे।
जब इस बारे में युवती के परिजनों को जानकारी हुई, तब उसे ठगी का एहसास हुआ। तब तक आरोपी उससे कुल 27 हजार रुपये ठग चुके थे।