जबलपुर। शासकीय महाकोशल स्वशासी अग्रणी महाविद्यालय में नारी शक्ति वंदन पखवाड़े का समापन किया गया। इस अवसर पर “महिलाएं एवं कानून” विषय पर एक विशेष व्याख्यान आयोजित हुआ, जिसमें महिला अधिकारों और उनकी सुरक्षा से जुड़े कानूनों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. आदित्य गर्ग ने महिलाओं के संवैधानिक अधिकारों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि आधुनिक कानूनों ने महिलाओं को पुरुषों के समान अधिकार प्रदान किए हैं। उन्होंने भारतीय संविधान के अनुच्छेद 14, 15 और 21 के तहत मिलने वाले मौलिक अधिकारों की जानकारी दी और कहा कि महिलाओं की सुरक्षा केवल कानून की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के संयोजक प्रो. अरुण शुक्ल ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए देश में पर्याप्त कानून मौजूद हैं, लेकिन उनकी सफलता जागरूकता पर निर्भर करती है। उन्होंने छात्राओं से अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।
समापन समारोह में प्राचार्य डॉ. अलकेश चतुर्वेदी और प्रो. अरुण शुक्ल ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया। इस दौरान डॉ. ज्योति जुनगरे, श्रीमती बबिता ठाकुर और कु. राधा सैनी को शाल और श्रीफल देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और स्टाफ उपस्थित रहे। वक्ताओं ने युवाओं से समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान और जागरूकता बढ़ाने की अपील की।