जबलपुर - रांझी थाना क्षेत्र में गांधी चौक के पास शंकर मंदिर के नजदीक एक घर में अचानक भीषण आग लग गई। यह घटना वीरेंद्र ठाकुर के मकान में हुई, जहां देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घर के मंदिर में जल रही पूजा की दिया-बाती से निकली चिंगारी आग का कारण मानी जा रही है। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया।
हादसे के दौरान घर में रखे गैस सिलेंडर के कारण बड़े धमाके का खतरा भी बना हुआ था, लेकिन दमकल कर्मियों ने समय रहते सिलेंडरों को बाहर निकाल लिया, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई।
फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस घटना में आर्थिक नुकसान तो हुआ है, लेकिन राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।
रांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।