जबलपुर - दीनदयाल चौक बस स्टैंड के पास स्थित परमार्थ नशामुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र से 8 बच्चे संदिग्ध हालात में गायब हो गए। घटना के बाद संचार नगर कॉलोनी और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, बच्चों ने भागने के लिए पहले से योजना बनाई थी। देर रात उन्होंने खिड़की और दीवार की लोहे की जाली काटी और उसी रास्ते बाहर निकल गए। घटना उस समय हुई जब केंद्र का स्टाफ सो रहा था, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी बड़ी घटना बिना तैयारी के संभव नहीं है। वहीं केंद्र प्रबंधन पर लापरवाही और मामले को छिपाने के आरोप भी लग रहे हैं। परिजनों का कहना है कि उन्हें समय पर सूचना तक नहीं दी गई।
मामले में माढ़ोताल थाना प्रभारी वीरेंद्र पवार ने बताया कि अभी तक केंद्र की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर ही पुलिस जांच शुरू करेगी।
इधर परिजन और स्थानीय लोग बच्चों की जल्द तलाश और जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।