जबलपुर - कानून व्यवस्था मजबूत करने के लिए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर 4 अप्रैल रात 9 बजे से 5 अप्रैल रात 2 बजे तक जिलेभर में कॉम्बिंग गश्त की गई।
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष गुप्ता, जितेन्द्र सिंह, अंजना तिवारी, पल्लवी शुक्ला और सूर्यकांत शर्मा सहित सभी अधिकारियों की मौजूदगी में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में अलग-अलग टीमें बनाकर छापेमारी की गई।
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 172 गैर-मियादी वारंट, 107 गिरफ्तारी वारंट और 75 जमानती वारंट तामील किए। कई आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे, जिन्हें पकड़कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
इसके साथ ही पुलिस ने देर रात संदिग्ध लोगों और वाहनों की चेकिंग की। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी सघन जांच की गई।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने बताया कि इस तरह की कार्रवाई का उद्देश्य शहर में सुरक्षा का माहौल बनाना और अपराधियों पर अंकुश लगाना है। उन्होंने कहा कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।