जबलपुर। जल संरक्षण और जल स्रोतों के पुनर्जीवन को लेकर नगर निगम ने अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने महाराजपुर क्षेत्र का दौरा कर ऐतिहासिक खुमानताल और मुक्तिधाम का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वर्षाजल को सहेजने के लिए “घरों का पानी घर में और शहर का पानी शहर में” रखने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भूजल स्तर में सुधार हो सके।
खुमानताल बनेगा आदर्श जल संरचना
खुमानताल की स्थिति का जायजा लेते हुए निगमायुक्त ने इसकी सफाई और जल की शुद्धता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर के तालाब और बावलियां हमारी धरोहर हैं, जिनका संरक्षण प्राथमिकता है।
तालाब के चारों ओर सफाई अभियान चलाने के साथ ही नागरिकों के लिए पाथ-वे निर्माण और बेहतर प्रकाश व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि इसे एक आकर्षक स्थल के रूप में विकसित किया जा सके।
मुक्तिधाम में बढ़ेंगी सुविधाएं
महाराजपुर स्थित मुक्तिधाम के निरीक्षण के दौरान उन्होंने वहां आने वाले लोगों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अंतिम संस्कार के लिए आने वाले परिजनों को किसी भी तरह की परेशानी न हो और मुक्तिधाम को पूरी तरह व्यवस्थित किया जाए।
इस दौरान पार्षद लक्ष्मण गोटियां सहित नगर निगम के अधिकारी भी मौजूद रहे।