जबलपुर। कुण्डम रोड पर हुए सड़क हादसे में घायल युवक की इलाज के अभाव में मौत हो गई। हादसे के बाद परिजन उसे घर ले आए थे, लेकिन सुबह अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, ग्राम सलैया कुण्डम निवासी टहल सिंह आर्मो का बेटा महपाल सिंह किसी काम से मोटरसाइकिल से शहर गया था। लौटते समय देर रात कुण्डम रोड पर किसी अज्ञात भारी वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद महपाल खून से लथपथ हालत में सड़क किनारे पड़ा रहा। आसपास के लोगों ने पहचान कर परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने देखा कि उसके पैर और कमर में गंभीर चोटें थीं, जिसके बाद वे उसे घर ले आए।
सुबह करीब 5 बजे महपाल की हालत बिगड़ने लगी और वह दर्द से कराहने लगा। इस पर परिजन उसे तुरंत कुण्डम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।