akhbaar update

सोने की चेन को लेकर विवाद: बहू-पोते को बंधक बनाया, महिला को लगा लकवा


जबलपुर। बेलबाग थाना क्षेत्र में दहेज की मांग को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। ससुराल पक्ष पर आरोप है कि दामाद के पिता बनने पर सोने की चेन नहीं मिलने से नाराज होकर उन्होंने बहू और नवजात पोते को बंधक बना लिया। इस दौरान प्रताड़ना के चलते महिला को लकवा लग गया। पुलिस ने आरोपी ससुराल पक्ष के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, हनुमानताल बकरा मार्केट निवासी 23 वर्षीय सानिया अली का निकाह दिसंबर 2023 में भानतलैया निवासी फैशल खान से हुआ था। शादी के बाद से ही पति समेत सास-ससुर और अन्य परिजन दहेज कम मिलने की बात कहकर उसे प्रताड़ित करने लगे। उस पर मायके से दो लाख रुपये और अन्य सामान लाने का दबाव बनाया जाता था।

23 नवंबर को सानिया ने बेटे फैज को जन्म दिया। इसके बाद ससुराल पक्ष ने मुंडन के मौके पर बच्चे के लिए सोने की अंगूठी और पति के लिए सोने की चेन की मांग की। मायके पक्ष ने अंगूठी तो दे दी, लेकिन चेन नहीं दी गई।

आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर पति फैशल खान सहित ससुराल वालों ने सानिया को कमरे में बंद कर दिया और प्रताड़ित किया। इसी दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे लकवा लग गया। बाद में मायके पक्ष के लोग पहुंचकर उसे अपने साथ ले गए और इलाज कराया।

फिलहाल महिला अपने मायके में रह रही है। पुलिस ने मामले में फैशल खान सहित अन्य ससुराली जनों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update