akhbaar update

महिला कर्मियों का वीडियो बनाकर वायरल, आरोपी पर छेड़छाड़ का आरोप






जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र के एक स्कूल में दो महिला कर्मियों का चोरी-छिपे वीडियो बनाकर उन्हें परेशान करने और बाद में वीडियो वायरल करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, 42 वर्षीय महिला स्कूल में क्लर्क के पद पर कार्यरत हैं। वे अवकाश पर थीं, लेकिन प्राचार्य के निर्देश पर जरूरी काम से स्कूल पहुंची थीं। इसी दौरान आरोपी राजेश अहिरवार वहां पहुंचा और उनका वीडियो बना लिया। सहकर्मी द्वारा टोके जाने पर वह अभद्रता करते हुए मौके से भाग गया।

शिकायत में बताया गया है कि इसके बाद आरोपी लगातार महिला कर्मी को परेशान करने लगा। वह स्कूल के आसपास आकर अश्लील इशारे करता और छेड़छाड़ की कोशिश करता था। गुरुवार को भी उसने महिला को देखकर आपत्तिजनक हरकत की, जिसके बाद स्कूल प्रबंधन को इसकी जानकारी दी गई।

वीडियो वायरल कर बदनाम करने की कोशिश

विरोध से नाराज आरोपी ने पहले से बनाए गए वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया और उस पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं, जिससे महिला कर्मियों की छवि खराब करने का प्रयास किया गया।

घटना से परेशान महिला कर्मी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update