जबलपुर। कांचघर निवासी युवक गौरव से कथित मारपीट के मामले में पुलिस प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने कार्रवाई करते हुए आरक्षक योगेंद्र कुमार और तरुण मिश्रा को लाइन अटैच कर दिया है। साथ ही पूरे मामले की जांच सीएसपी गोरखपुर एम.एल. नागोतिया को सौंपकर जल्द रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, गौरव अमरनाथ यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन कराने रामपुर स्थित पंजाब नेशनल बैंक पहुंचा था। इसी दौरान भीड़ में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। सूचना पर मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी उसे चौकी ले गए।
युवक का आरोप है कि चौकी में उसके साथ मारपीट की गई और करीब 5 घंटे तक बैठाकर रखा गया। उसने बताया कि पुलिसकर्मियों ने थप्पड़, बेल्ट और डंडों से पीटा और विरोध करने पर धमकी भी दी। गौरव ने अपने शरीर पर चोट के निशान दिखाते हुए दोषियों पर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
वहीं थाना प्रभारी का कहना है कि युवक बैंक में हंगामा कर रहा था और उसे समझाने के दौरान हल्का बल प्रयोग किया गया।
मामला सामने आने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों आरक्षकों को लाइन अटैच कर दिया है। अब आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।