नई दिल्ली। प्रधानमंत्री Narendra Modi आज रात 8:30 बजे देश को संबोधित करेंगे। यह संबोधन ऐसे समय में हो रहा है, जब संसद में महिला आरक्षण से जुड़ा संविधान संशोधन बिल पास नहीं हो सका है और राजनीतिक माहौल गरम है।
हालांकि, संबोधन का विषय आधिकारिक रूप से नहीं बताया गया है, लेकिन माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री महिला आरक्षण बिल और हाल की राजनीतिक स्थिति पर अपनी बात रख सकते हैं।
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री ने हाल ही में हुई कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (CCS) की बैठक में इस मुद्दे पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि विपक्ष को इस फैसले पर आगे चलकर पछताना पड़ सकता है और इसकी राजनीतिक कीमत भी चुकानी पड़ेगी।
गौरतलब है कि लोकसभा में संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, परिसीमन विधेयक और केंद्र शासित प्रदेश संशोधन विधेयक पास नहीं हो सके। इन विधेयकों को पारित करने के लिए दो-तिहाई बहुमत जरूरी था, जो सरकार को नहीं मिल पाया।
बताया जा रहा है कि 2014 के बाद यह पहली बार है जब सरकार का कोई बड़ा संविधान संशोधन बिल संसद में पास नहीं हो सका। इस पर संसदीय कार्य मंत्री Kiren Rijiju ने कहा कि यह एक बड़ा मौका था, जिसे सभी दल मिलकर सफल बना सकते थे।
अब सभी की नजर प्रधानमंत्री के संबोधन पर टिकी है, जिसमें वे इस पूरे मुद्दे पर अपना पक्ष रख सकते हैं।