जबलपुर। लार्डगंज थाना क्षेत्र के रानीताल इलाके में देर रात रंगदारी नहीं देने पर एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया गया। रानीताल गेट नंबर 1 निवासी 21 वर्षीय अविनाश अहिरवार ने मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, अविनाश अपने दोस्त अंजन सिंह के साथ रात करीब 2:50 बजे गुटखा लेकर घर लौट रहा था। जब वे जगदीश अखाड़ा हनुमान मंदिर के पास पहुंचे, तभी रास्ते में मंकू, साहिल काला, भाऊ और आदि ठाकुर ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने शराब पीने के लिए 1000 रुपये की मांग की। जब अविनाश ने पैसे देने से मना किया, तो वे गाली-गलौज करने लगे।
विवाद बढ़ने पर साहिल काला ने चाकू निकालकर अविनाश पर हमला कर दिया। बचने के दौरान चाकू उसके गले के पास लग गया, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा।
अपने दोस्त को बचाने आए अंजन सिंह के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। वारदात के बाद सभी आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।
शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और घायलों की मदद की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।