akhbaar update

बिजली बिल नहीं चुकाने पर सख्ती, घरों से फ्रिज-कूलर और बाइक जब्त

 



जबलपुर। बिजली बिल की बकाया वसूली के लिए मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। बुधवार को शहर के विभिन्न इलाकों में अभियान चलाकर कई बकायादार उपभोक्ताओं के घरों से घरेलू सामान जब्त किया गया। अधिकारियों का कहना है कि कई बार नोटिस देने के बावजूद जब उपभोक्ताओं ने बकाया राशि जमा नहीं की, तब मजबूर होकर यह कदम उठाया गया।

हनुमानताल क्षेत्र के बहोराबाग निवासी रोशन जमीर पर 62 हजार 582 रुपये का बिजली बिल बकाया था। बार-बार संपर्क के बाद भी भुगतान नहीं होने पर टीम ने उनके घर पर कुर्की का नोटिस चस्पा कर दिया। यह कार्रवाई अन्य बकायादारों के लिए चेतावनी मानी जा रही है।

इसी दौरान प्रेम सागर निवासी अजय शर्मा की बाइक, लक्ष्मी बाई के घर से कूलर, रोशन जमीर के घर से फ्रिज और बबलू अहिरवार के घर से टीवी जब्त किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह सभी सामान नियमों के तहत जब्त किए गए हैं और बकाया राशि जमा करने पर इन्हें वापस कर दिया जाएगा।

अधीक्षण अभियंता संजय अरोरा ने बताया कि वसूली अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि कार्रवाई के बाद एक उपभोक्ता ने तुरंत बकाया जमा कर दिया, जिससे साफ है कि सख्ती का असर दिख रहा है। बिजली कंपनी ने सभी उपभोक्ताओं से समय पर बिल जमा करने की अपील की है, ताकि ऐसी कार्रवाई से बचा जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update