जबलपुर - मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी के सिवनी में पदस्थ दिनेश कुमार सनोडिया को ट्रांसमिशन लाइन मेंटेनेंस के क्षेत्र में बेहतरीन कार्य के लिए राज्य स्तरीय क्विक रिस्पांस अवार्ड से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें बिजली आपूर्ति बहाल करने में दिखाई गई तेज़ी और कर्तव्यनिष्ठा के लिए दिया गया।
जानकारी के अनुसार 132 केवी सिवनी-भोमा रेलवे ट्रेक्शन लाइन पर आकाशीय बिजली गिरने से अचानक ब्रेकडाउन हो गया था। सूचना मिलते ही दिनेश सनोडिया तुरंत सक्रिय हुए और महज 35 मिनट में मौके पर पहुंच गए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने सस्पेंशन पोलिमर स्ट्रिंग के टॉप फेज में खराबी की पहचान की। इसके बाद अपनी टीम के साथ मिलकर तेजी से सुधार कार्य शुरू किया और करीब 3 घंटे में ही लाइन को ठीक कर रेलवे की बिजली आपूर्ति फिर से चालू कर दी।
सामान्य तौर पर इस तरह के कार्य में लगभग 6 घंटे लगते हैं, लेकिन उनकी त्वरित कार्रवाई से काम आधे समय में पूरा हो गया। उनकी इस कार्यशैली की विभाग में सराहना की जा रही है।
जबलपुर मुख्यालय में आयोजित समारोह में उन्हें मेडल, ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। उनकी इस उपलब्धि को विभाग में बेहतर कार्य संस्कृति का उदाहरण माना जा रहा है।