जबलपुर। रेलवे पुल नंबर-1 से कांचघर रोड पर मंगलवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया, जब ईंटों से भरा ट्रक अचानक सड़क में धंस गया। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद ट्रक को बाहर निकाला जा सका। इससे पहले दोपहर में इसी मार्ग पर एक सवारी ऑटो भी पलट गया था, हालांकि उसमें कोई घायल नहीं हुआ।
जानकारी के अनुसार अमृत-2 प्रोजेक्ट के तहत नर्मदा जल परियोजना की पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़क को खोदा गया है, लेकिन उसके बाद सही तरीके से मरम्मत (रिस्टोरेशन) नहीं की गई। सड़क पर डामर की जगह मिट्टी भर दी गई है, जो गीली होने के कारण लगातार धंस रही है।
शाम करीब 5 बजे ट्रक क्रमांक MP-20-GA-6133 कुशनेर से ईंट भरकर ग्वारीघाट की ओर जा रहा था। जैसे ही ट्रक कोचिंग डिपो के सामने पहुंचा, उसका पहिया गड्ढे में धंस गया। ट्रक को निकालने के लिए पहले उसमें भरी ईंटें खाली कराई गईं, तब जाकर वाहन को बाहर निकाला जा सका।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनभर भारी रोलर चलाने के बावजूद सड़क की स्थिति नहीं सुधर रही है, क्योंकि नीचे की मिट्टी गीली है। उनका सुझाव है कि यहां मजबूत मुरुम डालकर सही तरीके से रोलिंग की जाए, नहीं तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।
लगातार हो रहे ऐसे हादसों से लोगों में नाराजगी है और वे प्रशासन से जल्द स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।