जबलपुर। पाटन के पास तेंदूखेड़ा मुख्य बाजार में एक बड़ा हादसा हो गया। एक इलेक्ट्रॉनिक शोरूम की लिफ्ट अचानक गिर गई, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, प्रहलाद सोनी का दो मंजिला इलेक्ट्रॉनिक शोरूम है। बीती रात नगर पालिका कर्मचारी कमलेश लोधी, देवेंद्र लोधी के साथ यहां खरीदारी करने आए थे। देवेंद्र के घर में शादी थी, इसलिए वे सामान लेने पहुंचे थे। उनके साथ शोरूम संचालक का बेटा भी मौजूद था।
तीनों लोग सामान लेकर लिफ्ट से नीचे आ रहे थे, तभी अचानक लिफ्ट का संतुलन बिगड़ गया और वह तेज गति से नीचे गिर गई। तेज आवाज सुनकर शोरूम में अफरातफरी मच गई।
मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत तीनों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद कमलेश लोधी को मृत घोषित कर दिया, जबकि देवेंद्र लोधी और शोरूम संचालक के बेटे को इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया गया।
घटना के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई। फिलहाल इस मामले में थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।