जबलपुर। प्रदेश में निगम और मंडलों में होने वाली नियुक्तियों को लेकर इन दिनों चर्चाएं तेज हो गई हैं। हाल ही में सोशल मीडिया पर एक सूची वायरल हुई है, जिसमें कई बड़े नेताओं और पूर्व मंत्रियों के नाम सामने आए हैं। माना जा रहा है कि सरकार जल्द ही इन नामों पर फैसला ले सकती है।
इस सूची में अलग-अलग आयोग और निगमों के लिए नाम सुझाए गए हैं। जानकारी के अनुसार अनुसूचित जाति आयोग के लिए कैलाश जाटव, अनुसूचित जनजाति आयोग के लिए भगत सिंह नेताम और युवा आयोग के लिए प्रवीण शर्मा के नाम चर्चा में हैं। वहीं लघु उद्योग निगम के लिए विनोद गोटिया और वेयर हाउसिंग के लिए संजय नगाइच का नाम सामने आया है।
इसके अलावा कटनी, ओरछा और अन्य विकास प्राधिकरणों के लिए भी कई नाम सामने आए हैं। भोपाल, इंदौर और जबलपुर जैसे बड़े शहरों के विकास प्राधिकरणों में भी नए अध्यक्ष बनाए जाने की चर्चा है।
सूची में कई पूर्व मंत्री और वर्तमान विधायक भी शामिल हैं। इनमें अरविंद भदौरिया, रामनिवास रावत, उमाशंकर गुप्ता, कमल पटेल और इमरती देवी जैसे नाम प्रमुख हैं।
माना जा रहा है कि इन नियुक्तियों के जरिए सरकार संगठन को मजबूत करने और असंतोष को कम करने की कोशिश कर रही है। हालांकि अभी तक इस सूची पर आधिकारिक मुहर नहीं लगी है।