जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर रेल मंडल के कटनी-सिंगरौली रेल मार्ग पर स्थित ब्यौहारी रेलवे स्टेशन का अमृत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकास किया गया है। अब यह स्टेशन नए और आधुनिक रूप में नजर आ रहा है।
यह स्टेशन पहले से ही क्षेत्र का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है, जहां से आसपास के गांवों के लोग यात्रा करते हैं। यहां से रोजाना कई ट्रेनें चलती हैं और कोयला ढुलाई के कारण मालगाड़ियों की आवाजाही भी अधिक रहती है।
स्टेशन के विकास पर करीब 20.58 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इसके तहत स्टेशन भवन को नया रूप दिया गया है और प्रवेश-निकास द्वारों को बेहतर बनाया गया है।
यात्रियों की सुविधा के लिए बैठने की अच्छी व्यवस्था, डिजिटल सूचना बोर्ड, ऊंचे प्लेटफॉर्म और नए शेड बनाए गए हैं। साथ ही लिफ्ट, एस्केलेटर और फुटओवर ब्रिज की सुविधा भी दी गई है।
दिव्यांगजनों के लिए रैंप, टैक्टाइल पाथ, विशेष शौचालय और पार्किंग की व्यवस्था की गई है। स्टेशन पर साफ-सफाई और लाइटिंग का भी खास ध्यान रखा गया है।
इस विकास के बाद अब यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी और क्षेत्र में व्यापार व पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।