जबलपुर। मदनमहल थाना क्षेत्र के नेपियर टाउन स्थित एक अस्पताल के बाहर सड़क हादसे में घायल बच्चे के परिजन और दूसरे पक्ष के बीच विवाद हो गया। मुआवजे को लेकर शुरू हुई बात देखते ही देखते झगड़े में बदल गई।
जानकारी के अनुसार, सिवनी का 8 वर्षीय बच्चा शिवा साहू सड़क दुर्घटना में घायल हो गया था। उसे इलाज के लिए जबलपुर लाया गया। इसी दौरान हादसे में शामिल वाहन का मालिक और चालक भी अस्पताल पहुंच गए।
अस्पताल के बाहर दोनों पक्षों के बीच मुआवजे को लेकर बातचीत हो रही थी, लेकिन अचानक विवाद बढ़ गया और दोनों तरफ से हाथापाई होने लगी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया।
बच्चे की हालत को देखते हुए उसे दूसरे सरकारी अस्पताल में रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने वाहन और चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। ड्राइवर के नशे में होने की भी जांच की जा रही है।