जबलपुर/कटनी। कटनी जिले के बड़वारा थाना क्षेत्र के मुड़हरा गांव में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उसमें सवार दो यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक युवक की मौत हो गई।
मृतक की पहचान जबलपुर निवासी भारतपुरी गोस्वामी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने मुड़हरा गांव आया था। समारोह के बाद वह ऑटो से वापस कटनी जा रहा था।
पुलिस के अनुसार, ऑटो जैसे ही पोनियां गांव के पास पहुंचा, चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और वाहन पलट गया। हादसे में भारतपुरी गोस्वामी और एक अन्य यात्री ऑटो के नीचे दब गए, जिससे दोनों को गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और दोनों घायलों को बाहर निकालकर शासकीय अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद भारतपुरी गोस्वामी को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे घायल का इलाज जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतक के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है। इस घटना से शादी वाले घर में भी खुशी का माहौल गम में बदल गया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मर्ग कायम कर लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।