जबलपुर - घमापुर थाना क्षेत्र स्थित चांदमारी इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब मोटरसाइकिल से आए नकाबपोश बदमाशों ने कान्हा डेयरी एंड बेकरी पर बम से हमला कर दिया। धमाके की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा और चारों ओर धुआं फैल गया।
जानकारी के अनुसार खेरमाई मंदिर चांदमारी तलैया निवासी मोनू दाहिया अपनी दुकान पर ग्राहकों को सामान दे रहे थे। तभी एक मोटरसाइकिल पर सवार चार नकाबपोश युवक वहां पहुंचे और अचानक दुकान को निशाना बनाकर बम फेंक दिए। एक के बाद एक धमाके होने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग डरकर इधर-उधर भागने लगे।
बताया जा रहा है कि हमले के दौरान मोनू दाहिया अपनी जान बचाने के लिए दुकान के अंदर छिप गए। घटना में वे बाल-बाल बच गए, लेकिन दुकान में रखा सामान क्षतिग्रस्त हो गया।
धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए, जहां उन्हें चारों ओर धुआं दिखाई दिया। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हमला पुरानी रंजिश के चलते किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।