जबलपुर - हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर होने वाले धार्मिक आयोजन, रैली और शोभायात्राओं को लेकर पुलिस-प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी कर ली है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक सभी प्रमुख मार्गों और आयोजन स्थलों पर पुलिस बल तैनात रहेगा।
पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर दी है। थाना प्रभारी, सीएसपी और एसडीओपी को अपने-अपने क्षेत्रों में मंदिर समितियों और स्थानीय लोगों से लगातार संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
सुरक्षा के तहत रैली मार्ग की इमारतों और प्रमुख स्थानों पर भी पुलिस जवान तैनात रहेंगे। इसके अलावा हर थाने से 3 से 5 पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में भीड़ के बीच मौजूद रहेंगे, जो हर गतिविधि पर नजर रखेंगे।
पुलिस ने बताया कि किसी भी विवाद की सूचना मिलने पर 5 मिनट के भीतर अतिरिक्त बल और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच जाएंगे।
रैलियों और आयोजनों की निगरानी के लिए ड्रोन कैमरों का इस्तेमाल किया जाएगा और पूरी वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। खासकर सिहोरा और कटंगी में निकलने वाली वाहन रैलियों के लिए अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।
सोशल मीडिया पर भी पुलिस की नजर रहेगी। भड़काऊ या अफवाह फैलाने वाले संदेश पोस्ट करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही निर्देश दिए गए हैं कि रैलियों में केवल धार्मिक गीतों वाले डीजे ही बजाए जाएं।
यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए मुख्य सड़कों पर भंडारे लगाने पर रोक लगाई गई है और ट्रैफिक डायवर्जन व पार्किंग की अलग व्यवस्था की जाएगी।
पुलिस ने साफ किया है कि नशे की हालत में मिलने वालों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाएगी। साथ ही प्रमुख मंदिरों और आसपास के इलाकों में रात्रि गश्त बढ़ा दी गई है, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।