akhbaar update

जिला न्यायालय के बाहर वकील पर चाकू से हमला, आरोपी फरार



जबलपुर - ओमती थाना क्षेत्र में जिला न्यायालय परिसर के बाहर एक वकील पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। पत्नी के भरण-पोषण केस से नाराज होकर आरोपी ने वकील पर हमला कर दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, बड़ा पत्थर रांझी निवासी 50 वर्षीय रामलाल रजक ने शिकायत दर्ज कराई है। वे अपनी क्लाइंट कंचन महोबिया के भरण-पोषण मामले की पैरवी कर रहे थे। इसी बात को लेकर कंचन के पति राकेश महोबिया उनसे विवाद करने लगा।

घटना उस समय हुई जब रामलाल रजक अपने साथी वकील के साथ कोर्ट से बाहर निकल रहे थे। गेट नंबर 4 के पास आरोपी ने उनकी कार रोक ली और उन्हें बाहर बुलाकर पूछा कि वे उसकी पत्नी का केस क्यों लड़ रहे हैं। इस पर बहस बढ़ गई।

आरोप है कि राकेश महोबिया ने गाली-गलौज करते हुए रामलाल रजक को पकड़कर कार के पीछे ले गया और चाकू से हमला कर दिया। हमले में वकील के कान, गले और कंधे के पास चोट आई है, जबकि बचाव के दौरान उनके हाथ में भी चोट लगी।

घटना के बाद आरोपी ने धमकी दी कि यदि केस वापस नहीं लिया गया तो वह जान से मार देगा और मौके से फरार हो गया।

ओमती थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update