जबलपुर। घमापुर थाना क्षेत्र में शारीरिक शोषण की एक पीड़िता ने पूर्व भाजपा नगर अध्यक्ष जीएस ठाकुर और मुख्य आरोपी ललित कुंदनानी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से अपनी और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
पीड़िता का कहना है कि आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के बाद उस पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है। आरोप है कि 21 मार्च 2026 को जीएस ठाकुर उसके घर पहुंचे और केस वापस लेने के लिए धमकाया। मना करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई।
पीड़िता ने बताया कि उसने 20 मार्च को घमापुर थाने में शिकायत दी थी, जिसके बाद 7 अप्रैल को मामला दर्ज किया गया। लेकिन इसके बाद से उसे और उसके परिवार को लगातार डराया-धमकाया जा रहा है।
युवती ने यह भी आरोप लगाया कि थाने में उसके साथ अपमानजनक व्यवहार किया गया और समझौते के लिए दबाव डाला गया, जबकि आरोपी को आराम से बैठाया गया था। उसने कहा कि यह पूरी घटना सीसीटीवी में देखी जा सकती है।
पीड़िता ने यह भी बताया कि कार्रवाई न होने से परेशान होकर वह आत्महत्या करने तिलवारा पुल तक पहुंच गई थी। बाद में उसे बचाया गया।
अब पीड़िता ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही, उसने पुलिस से कॉल रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज की जांच करने की भी मांग की है, ताकि सच्चाई सामने आ सके।