जबलपुर। पाटन चौराहे पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसकी चपेट में दो बाइक सवार आ गए। हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरे ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली घास के बंडलों से लदी हुई थी और मनेरी प्लांट की ओर जा रही थी। जैसे ही वाहन पाटन चौराहे पर जबलपुर की दिशा में मुड़ा, वह संतुलन खो बैठा और पलट गया। पास में खड़े दो बाइक सवार इसकी चपेट में आ गए।
घायल युवक की पहचान साहिल के रूप में हुई है, जो कांटी गांव का निवासी बताया जा रहा है। उसे गंभीर हालत में पाटन अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शहपुरा ब्रिज के क्षतिग्रस्त होने के बाद इस मार्ग पर यातायात का दबाव काफी बढ़ गया है, जिससे दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। लोगों ने प्रशासन से चौराहे पर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की है, ताकि वाहनों की रफ्तार नियंत्रित हो सके और ऐसे हादसों पर रोक लगाई जा सके।