मैहर। कोतवाली थाना क्षेत्र के पटेहरा तालाब में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। नहाने गई तीन बच्चियां अचानक गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं।
जानकारी के अनुसार, बीड़ी कॉलोनी पटेहरा की रहने वाली पूनम चौधरी (10 वर्ष) और शालू चौधरी (17 वर्ष) सहित तीन बच्चियां तालाब में नहा रही थीं। इसी दौरान वे धीरे-धीरे गहराई में पहुंच गईं और डूबने लगीं।
मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत शोर मचाया और बचाव कार्य शुरू किया। लोगों की मदद से एक बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। वहीं पूनम चौधरी को भी समय रहते पानी से बाहर निकाल लिया गया।
शालू चौधरी को गंभीर हालत में निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मैहर ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वहीं तीसरी बच्ची अभी भी लापता है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस और गोताखोरों की टीम तालाब में सर्च ऑपरेशन चला रही है।
पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तालाब के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसे न हों।