जबलपुर - सदर क्षेत्र में शुक्रवार को छावनी परिषद और रक्षा संपदा विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को ढहा दिया। पीरजी कंपाउंड स्थित ओपन डिफेंस लैंड पर किए जा रहे अतिक्रमण को बुलडोजर से हटाया गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, सर्वे नंबर 165 स्थित जमीन पर गयासुद्दीन कुरैशी द्वारा करीब 1000 वर्गफीट में मकान बनाने का काम किया जा रहा था। आरोप है कि बिना अनुमति के पक्का निर्माण शुरू करने के लिए नींव भराई और दीवार उठाने की तैयारी भी कर ली गई थी।
शिकायत मिलने के बाद छावनी परिषद और रक्षा संपदा विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए पूरे अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
कार्रवाई के दौरान छावनी परिषद की ओर से इंजीनियर अनुराग आचार्य और अतिक्रमण दल प्रभारी नितेश पटेरिया मौजूद रहे। वहीं रक्षा संपदा विभाग की तरफ से एसडीओ जितेंद्र कुमार और उमेश कांबले भी मौके पर उपस्थित थे।
प्रशासन ने साफ किया है कि रक्षा भूमि पर किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।