जबलपुर - नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मदनमहल थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 1 के बाहर दबिश देकर दो आरोपियों को गांजा के साथ गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों में 72 वर्षीय वृद्ध और 50 वर्षीय महिला शामिल हैं। दोनों स्टेशन परिसर के बाहर किसी ग्राहक को गांजे की डिलीवरी देने की फिराक में खड़े थे। सटीक सूचना के आधार पर यह संयुक्त कार्रवाई की गई।
करीब 1.49 लाख रुपये का गांजा बरामद
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्यारेलाल पटेल (निवासी ग्राम उड़ना, पाटन) और चंदा बाई बर्मन (निवासी ग्राम मंजीठा, भेड़ाघाट) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस को प्यारेलाल के थैले से दो पैकेट और चंदा बाई के थैले से एक पैकेट गांजा मिला।
तौल करने पर कुल 2 किलो 993 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी बाजार कीमत करीब 1 लाख 49 हजार 650 रुपये आंकी गई है।
पूछताछ में हुआ खुलासा
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यह गांजा बरगढ़ ओसिया निवासी मोनू सरदार से लाए थे। पुलिस ने उनके पास से मोबाइल फोन, 165 रुपये नकद और अन्य सामग्री भी जब्त की है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
इस कार्रवाई में पुलिस और क्राइम ब्रांच के कई अधिकारियों की अहम भूमिका रही।