जबलपुर। शहर के मुख्य रेलवे स्टेशन पर बना लगभग 60 वर्ष पुराना पैदल पुल अब पूरी तरह हटाया जा रहा है। यह पुल प्लेटफार्म एक के बाहर से प्लेटफार्म छह के बाहर तक सीधी आवाजाही के लिए बनाया गया था, लेकिन अब इसकी हालत बेहद जर्जर हो चुकी थी।
पुल का जीवनकाल पूरा होने के कारण करीब दो साल पहले ही इस पर आवागमन बंद कर दिया गया था। दुर्घटना की आशंका को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने इसे तोड़ने का फैसला लिया।
पुल को हटाने के लिए मथुरा से विशेष भारी-भरकम क्रेन मंगाई गई है, जो ऊंचाई से भारी हिस्सों को आसानी से नीचे उतार सकती है। फिलहाल प्लेटफार्म एक की ओर से काम शुरू किया गया है और दो दिनों में रेलिंग की चादर व आधा फर्श हटाया जा चुका है।
पुल टूटने के बाद अब प्लेटफार्म एक से छह के बीच जाने के लिए लोगों को स्टेशन के बाहर से सड़क मार्ग का उपयोग करना होगा। वहीं, प्लेटफार्म के अंदर जाने के लिए सीढ़ी या लिफ्ट का इस्तेमाल करने वाले गैर-यात्रियों को प्लेटफार्म टिकट लेना अनिवार्य होगा।
रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य के तहत प्लेटफार्म एक की ओर दो नए प्लेटफार्म बनाए जाने हैं। इसी वजह से पुराने पुल को हटाना जरूरी था, ताकि निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ सके।
इसके अलावा, पश्चिम मध्य रेल महाप्रबंधक कार्यालय के पास स्थित पुराने और जर्जर कर्मचारी आवासों को भी तोड़ा जा रहा है। इन आवासों को पहले ही खाली करा लिया गया था।