भोपाल/जबलपुर। साइक्लोनिक सर्कुलेशन और टर्फ से बने मजबूत सिस्टम के चलते मध्यप्रदेश में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में जबलपुर, भोपाल, ग्वालियर समेत 45 जिलों में तेज आंधी और बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के बीचोंबीच एक टर्फ गुजर रही है, जबकि दूसरी टर्फ ऊपरी हिस्से में सक्रिय है। इसके साथ ही पश्चिमी और उत्तरी हिस्सों में दो चक्रवात भी एक्टिव हैं, जिससे मौसम में अस्थिरता बढ़ गई है।
कई जिलों में असर दिखना शुरू
सतना जिले में शनिवार सुबह तेज हवाएं चलीं और इसके बाद गरज-चमक के साथ बारिश हुई। नर्मदापुरम में बूंदाबांदी और सिवनी में हल्की बारिश दर्ज की गई।
वहीं शुक्रवार रात सिवनी जिले में आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई—बरघाट के मंडी गांव में 6 वर्षीय प्रांशू मरकाम और डूंडासिवनी के बंजारी गांव में रमजान खान की जान चली गई।
रायसेन जिले में भी रामपुर मनियाखेड़ी रोड के आसपास कई खेतों में गेहूं की फसल खराब हो गई।
जबलपुर समेत कई जिलों में अलर्ट
आज जबलपुर, छतरपुर, पन्ना, दमोह और कटनी में ओले और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा भोपाल, ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, सागर, विदिशा, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, रीवा, सतना सहित कई जिलों में आंधी, बारिश और गरज-चमक का दौर बना रह सकता है।
तेज रफ्तार से चलेगी आंधी
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले चार दिन यानी 7 अप्रैल तक प्रदेश में तेज हवाएं चलेंगी। कुछ जिलों में हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जबकि अन्य क्षेत्रों में 30 से 40 किमी/घंटा की गति से आंधी चलने का अनुमान है।
सावधानी जरूरी
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें और सुरक्षित स्थान पर ही शरण लें।