जबलपुर - मंगलवार एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। एक युवक अपनी प्रेमिका से शादी की जिद में करीब 200 फीट ऊंचे बिजली के टावर पर चढ़ गया।
जानकारी के अनुसार, मैहर निवासी रतन कोरी अपनी प्रेमिका से शादी करना चाहता था, लेकिन लड़की के परिवार वाले इसके लिए तैयार नहीं थे। मंगलवार को वह गंजताल गांव पहुंचा और फिर से शादी की बात की, लेकिन मना करने पर गुस्से में टावर पर चढ़ गया।
युवक को टावर पर चढ़ा देख गांव में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को समझाने की कोशिश करती रही, लेकिन वह ऊपर से यही कहता रहा कि जब तक उसकी प्रेमिका नहीं आएगी, वह नीचे नहीं उतरेगा।
बताया जा रहा है कि दोनों का करीब एक साल से प्रेम संबंध था। कई बार परिवार से बात करने के बाद भी जब शादी की बात नहीं बनी, तो युवक ने यह कदम उठा लिया।
करीब साढ़े तीन घंटे की कोशिश के बाद पुलिस ने उसकी प्रेमिका को मौके पर बुलवाया। प्रेमिका ने सभी के सामने शादी के लिए हां कर दी, तब जाकर युवक टावर से नीचे उतरा। इसके बाद पुलिस ने उसे समझाकर उसके परिवार के हवाले कर दिया।