akhbaar update

1.30 करोड़ के घोटाले पर कार्रवाई: जिला अस्पताल का औषधि भंडार सील, फिर खोला गया

 


जबलपुर।  स्वास्थ्य विभाग में सामने आए करीब 1.30 करोड़ रुपये के घोटाले के बाद जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला अस्पताल विक्टोरिया स्थित औषधि भंडार को देर रात सील कर दिया। यह कार्रवाई बुधवार रात एसडीएम पंकज मिश्रा की अगुवाई में की गई। हालांकि गुरुवार दोपहर एसडीएम रघुवीर सिंह मरावी की मौजूदगी में भंडार को दोबारा खोल दिया गया।

जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत हुए इस घोटाले की शिकायत मिलने पर कलेक्टर द्वारा जांच टीम गठित की गई थी। जांच में आरोप सही पाए गए, जिसके बाद कार्रवाई शुरू की गई। टीम ने मौके से भुगतान से जुड़े दस्तावेज जब्त किए और स्टॉक में गड़बड़ी भी पाई गई।

शिकायत में आरोप है कि बिना अनुमति के करोड़ों रुपये के क्रय आदेश जारी कर दिए गए और बिना सामग्री प्राप्त हुए ही भुगतान कर दिया गया। कुछ मामलों में फर्जी बिल लगाकर लाखों रुपये निकाले गए। भोपाल की एक फर्म को 82 लाख से अधिक का भुगतान किया गया, जबकि सामान प्राप्त ही नहीं हुआ। अन्य मामलों में भी बिना काम के भुगतान के आरोप लगे हैं।

इस मामले में एफआईआर दर्ज करने और करीब 1.33 करोड़ रुपये की वसूली की तैयारी की जा रही है।

सीएमएचओ डॉ. संजय मिश्रा ने आरोपों को निराधार बताया है और कहा कि सभी खरीद प्रक्रिया नियमों के तहत की गई। वहीं प्रशासन का कहना है कि दवाइयों के वितरण को देखते हुए भंडार को खोलना जरूरी था।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update