जबलपुर/कटनी। मध्य प्रदेश पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता का मामला सामने आया है। कटनी जिले में पदस्थ रक्षित निरीक्षक (आरआई) राहुल पाण्डेय द्वारा बिना अनुमति थाईलैंड (फुकेत) यात्रा करने पर पुलिस मुख्यालय ने सख्त रुख अपनाया है। विशेष पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) की मंजूरी के बाद उनके खिलाफ विभागीय जांच और दंडात्मक कार्रवाई के आदेश जारी कर दिए गए हैं। साथ ही यह भी सामने आया है कि वे ड्यूटी के दौरान बिना अवकाश के जबलपुर में समय बिता रहे थे।
विदेश यात्रा के लिए अनुमति अनिवार्य
विभागीय नियमों के मुताबिक, किसी भी पुलिस अधिकारी या कर्मचारी को विदेश यात्रा पर जाने से पहले पुलिस मुख्यालय, भोपाल से लिखित अनुमति लेना जरूरी होता है। राहुल पाण्डेय ने इस नियम का उल्लंघन करते हुए सीधे फुकेत की यात्रा की। मामला उजागर होने पर उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया, जिस पर उन्होंने दावा किया कि उन्होंने आवेदन के साथ दस्तावेज जमा किए थे, लेकिन उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि लिखित अनुमति मिलने का इंतजार करना अनिवार्य है।
ड्यूटी से लंबे समय तक रहे गायब
राहुल पाण्डेय की मुश्किलें सिर्फ विदेश यात्रा तक सीमित नहीं हैं। उनके खिलाफ पहले भी शिकायतें सामने आ चुकी हैं। समाजसेवी इंद्र मिश्रा की शिकायत पर तत्कालीन नगर पुलिस अधीक्षक ख्याति मिश्रा ने 24 मई 2024 को एक गोपनीय जांच रिपोर्ट सौंपी थी। जांच में यह प्रमाणित हुआ कि वे बिना सूचना के बार-बार जिला मुख्यालय छोड़कर जबलपुर और होशंगाबाद में समय बिता रहे थे।
विभाग सख्त, कार्रवाई तय
मामले को गंभीर मानते हुए पुलिस मुख्यालय ने विभागीय जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि अनुशासनहीनता किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।