जबलपुर। बेलबाग थाना क्षेत्र में बीती रात एक युवक पर जानलेवा हमले की वारदात सामने आई है। आरोपियों ने युवक को पहले फोन कर बुलाया और फिर सुनियोजित तरीके से चाकुओं से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है।
कॉल कर बुलाया, फिर घेरकर किया हमला
मिली जानकारी के अनुसार, शेख रिजवान उर्फ बल्लू खान (30) निवासी लकड़गंज, नरघैया स्थित एक कपड़ा दुकान में काम करता है। रात करीब 8 बजे उसे सैमूर खान का कॉल आया, जिसे वह उठा नहीं सका। बाद में जब उसने कॉल बैक किया, तो सैमूर ने उसे लकड़गंज चौराहे पर बुलाया।
पहले से तैयार थे हमलावर
रिजवान जैसे ही मौके पर पहुंचा, वहां सैमूर खान रॉयल एनफील्ड बाइक के साथ खड़ा मिला। वहीं दो अन्य युवक स्प्लेंडर बाइक पर मौजूद थे और चेहरे मास्क से ढके हुए थे। सैमूर ने रिजवान की पहचान कराते हुए इशारा किया, जिसके बाद दोनों हमलावरों ने चाकुओं से हमला शुरू कर दिया।
शरीर के कई हिस्सों पर वार
हमले में रिजवान के सीने, कंधे, पैर और जांघ में गंभीर चोटें आईं। इसी दौरान उसका भाई इमरान और नीरज सोनकर मौके पर पहुंचे, जिन्हें देखते ही आरोपी फरार हो गए।
अस्पताल में भर्ती, हालत नाजुक
घायल को पहले विक्टोरिया अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेट्रो अस्पताल में भर्ती किया गया। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
केस दर्ज, आरोपियों की तलाश तेज
पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ BNS के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।