जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में कर्मचारी संघ के आगामी चुनाव को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने कर्मचारी संघ के पूर्व अध्यक्ष और प्रांतीय उपाध्यक्ष प्रेम प्रकाश पुरोहित को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। प्रशासन ने उन पर कुलगुरु के साथ चर्चा के दौरान अमर्यादित व्यवहार करने का आरोप लगाया है और उनसे लिखित स्पष्टीकरण मांगा है।
जानकारी के अनुसार कर्मचारी संघ के चुनाव की तिथि और आयोजन को लेकर चर्चा करने के लिए वरिष्ठ कर्मचारियों का एक प्रतिनिधिमंडल कुलगुरु से मिलने पहुंचा था। प्रशासन का कहना है कि इस मुलाकात के दौरान शिष्टाचार का उल्लंघन हुआ, जिसके चलते यह कार्रवाई की गई।
वहीं दूसरी ओर कर्मचारियों के एक वर्ग ने इस कार्रवाई को अनुचित बताया है। कर्मचारी नेताओं का कहना है कि नोटिस में लगाए गए आरोप सही नहीं हैं और बैठक के दौरान कोई अमर्यादित व्यवहार नहीं हुआ। उनका कहना है कि एक वरिष्ठ कर्मचारी प्रतिनिधि के साथ संवाद करने के बजाय सीधे नोटिस जारी करना ठीक नहीं है।
इस मामले को लेकर कर्मचारियों में असंतोष भी देखा जा रहा है। कर्मचारी नेताओं ने विरोध स्वरूप आज दोपहर विश्वविद्यालय के मुख्य प्रशासनिक भवन के मुख्य द्वार पर कर्मचारियों की बैठक बुलाने की घोषणा की है। बैठक में नोटिस के मुद्दे और आगे की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।