akhbaar update

धोनी के बिना चेन्नई सुपर किंग्स की कल्पना मुश्किल, यह उनका आखिरी आईपीएल सीजन हो सकता है: इरफान पठान




नई दिल्ली, 13 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने कहा है कि इंडियन प्रीमियर लीग में चेन्नई सुपर किंग्स की पहचान महेंद्र सिंह धोनी से जुड़ी हुई है और उनके बिना टीम की कल्पना करना मुश्किल है। उन्होंने संकेत दिया कि धोनी संभवतः अपना आखिरी आईपीएल सीजन खेलने की तैयारी कर रहे हैं।

जियोहॉटस्टार पर बातचीत के दौरान पठान ने कहा कि धोनी अब टीम में सभी खिलाड़ियों को एकजुट रखने और भविष्य के नेताओं को तैयार करने की भूमिका निभाएंगे। उनका मानना है कि धोनी युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने में अहम योगदान दे सकते हैं।

पठान ने कहा कि अभी यह साफ नहीं है कि धोनी इस सीजन में कितने मैच खेलेंगे, लेकिन ड्रेसिंग रूम में उनकी मौजूदगी टीम के लिए काफी फायदेमंद होगी। उनके अनुसार संजू सैमसन और रुतुराज गायकवाड़ जैसे खिलाड़ियों को भविष्य के नेतृत्व के लिए तैयार किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि धोनी की फिटनेस, उनकी बल्लेबाजी का क्रम और वह सभी मैच खेलेंगे या नहीं, इस पर अभी भी सवाल बने हुए हैं। इन सभी बातों पर अंतिम फैसला चेन्नई सुपर किंग्स का प्रबंधन ही करेगा।

हाल ही में चेन्नई सुपर किंग्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी कासी विश्वनाथन ने कहा था कि धोनी सभी मैचों के लिए उपलब्ध रहेंगे, हालांकि टीम में उनकी भूमिका क्या होगी यह टीम प्रबंधन तय करेगा।

महेंद्र सिंह धोनी इंडियन प्रीमियर लीग की शुरुआत से ही इस लीग का हिस्सा रहे हैं और चेन्नई सुपर किंग्स की पीली जर्सी की पहचान बन चुके हैं। वह इस बार अपना 19वां आईपीएल सीजन खेलने के लिए तैयार हैं।

बतौर कप्तान धोनी ने चेन्नई सुपर किंग्स को 5 बार इंडियन प्रीमियर लीग का खिताब दिलाया है। आईपीएल में उन्होंने 278 मैचों में 5439 रन बनाए हैं। विकेटकीपर के रूप में उन्होंने 158 कैच पकड़े हैं और 47 स्टंपिंग भी की हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update