भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में नगर निगम कार्यालय में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब लोकायुक्त पुलिस की विशेष टीम ने फतेहगढ़ स्थित कार्यालय सहित एक अन्य दफ्तर पर अचानक छापा मार दिया। यह कार्रवाई निर्माण कार्यों के नाम पर फर्जी बिल लगाकर करोड़ों रुपये के भुगतान की शिकायतों के बाद की गई है।
बताया जा रहा है कि लोकायुक्त की टीम सुबह ही निगम कार्यालय पहुंच गई थी, उस समय कर्मचारी अपने-अपने कामकाज की शुरुआत कर रहे थे। अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे दफ्तर में अफरातफरी का माहौल बन गया।
फायनेंस और कंप्यूटर शाखा की जांच
छापेमारी के दौरान टीम ने सबसे पहले फायनेंस और कंप्यूटर शाखा को जांच के दायरे में लिया। अधिकारियों के अनुसार लोकायुक्त को काफी समय से शिकायतें मिल रही थीं कि निगम में बिना किसी वास्तविक काम के केवल कागजों पर फर्जी बिल बनाकर भुगतान किया जा रहा है।
10 साल पुराने रिकॉर्ड जब्त
लोकायुक्त पुलिस ने कार्रवाई के दौरान पिछले करीब 10 वर्षों के दस्तावेज और रिकॉर्ड भी जब्त किए हैं। इससे संकेत मिलता है कि यह गड़बड़ी लंबे समय से चल रही हो सकती है। जांच टीम अब इन दस्तावेजों की जांच कर उन्हें जमीनी काम से मिलान करेगी, ताकि पूरे मामले का खुलासा हो सके।