जबलपुर। घमापुर थाना क्षेत्र में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आंगनवाड़ी केंद्रों के लिए भेजे जाने वाले सरकारी पोषाहार का बड़ा जखीरा बरामद किया है। कलेक्टर को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर सरकारी कुआं मरघटाई के पास स्थित एक निजी मकान से भारी मात्रा में टेक होम राशन जब्त किया।
जानकारी के अनुसार कार्रवाई के दौरान टीम जब मौके पर पहुंची तो मकान का मुख्य दरवाजा बंद मिला। इसके बाद अधिकारियों ने नियमानुसार पंचनामा बनाकर ताला तुड़वाया और घर के अंदर प्रवेश किया। तलाशी के दौरान अंदर बड़ी संख्या में राशन के बोरे रखे मिले। गिनती करने पर कुल 140 बैग सरकारी पोषाहार बरामद हुआ।
बताया जा रहा है कि यह पोषाहार आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से कुपोषित बच्चों और गर्भवती महिलाओं को वितरण के लिए भेजा जाता है। एक निजी मकान में इतनी बड़ी मात्रा में सरकारी राशन मिलने से प्रशासनिक अमले और महिला एवं बाल विकास विभाग में हड़कंप मच गया।
परिवहनकर्ता पर शक, जांच शुरू
प्रारंभिक जांच में इस पूरे मामले में परिवहनकर्ता की भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि मुख्य गोदाम से आंगनवाड़ी केंद्रों तक पहुंचाने के दौरान ही राशन को अवैध रूप से मोड़कर निजी मकान में रखा गया था।
जिला प्रशासन ने जब्त किए गए राशन को फिलहाल सुरक्षित रखवा दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ घमापुर थाने में आपराधिक प्रकरण दर्ज किया जाएगा।