akhbaar update

रीवा एक्सप्रेस के कोच से उठा धुआं, ऊंचेहरा स्टेशन पर मची अफरा-तफरी



जबलपुर/सतना। पश्चिम मध्य रेलवे मुख्यालय जबलपुर से रीवा जा रही एक्सप्रेस ट्रेन के एक कोच से धुआं निकलने से शुक्रवार सुबह ऊंचेहरा स्टेशन पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।  कोच से धुआं उठता देख यात्रियों ने तुरंत रेलवे कर्मचारियों को सूचना दी।

जानकारी मिलते ही रेल कर्मचारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी यात्रियों को सुरक्षित प्लेटफॉर्म पर उतार लिया। इसके बाद स्टेशन पर मौजूद रेल अधिकारी और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और कोच की जांच शुरू की।

ब्रेक बाइंडिंग से उठा धुआं

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कोच क्रमांक 114674 के पहिए में ब्रेक बाइंडिंग की तकनीकी समस्या के कारण धुआं उठ रहा था। रेलवे कर्मचारियों ने तत्काल स्थिति को नियंत्रित करते हुए पूरे कोच की जांच की।

राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी यात्री को नुकसान नहीं पहुंचा और सभी सुरक्षित रहे। तकनीकी टीम द्वारा जांच पूरी होने के बाद ट्रेन को आगे रवाना करने की अनुमति दे दी गई। ट्रेन करीब 36 मिनट तक ऊंचेहरा स्टेशन पर खड़ी रही और इसके बाद अपने अगले गंतव्य के लिए रवाना हो गई। रेलवे प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update