जबलपुर। शहर को भिक्षावृत्ति से मुक्त करने के लिए नगर निगम ने एक विशेष अभियान शुरू किया है। यह अभियान महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू और निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार की पहल पर चलाया जा रहा है।
इस अभियान के तहत गौरीघाट क्षेत्र में सर्वे किया गया। सर्वे में अब तक 267 भिक्षुकों की पहचान की गई है। इनमें 180 महिलाएं, 45 पुरुष और 42 बच्चे शामिल हैं।
नगर निगम का उद्देश्य भिक्षावृत्ति को खत्म करना और इन लोगों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। इसके लिए उन्हें कौशल प्रशिक्षण, रहने की व्यवस्था और सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जाएगा, ताकि वे अपने पैरों पर खड़े हो सकें। बच्चों को पढ़ाई और सुरक्षा देने के लिए भी विशेष योजना बनाई जा रही है।
नागरिकों से अपील
नगर निगम ने लोगों से अपील की है कि वे भिक्षुकों को सीधे पैसे न दें। इससे भिक्षावृत्ति बढ़ती है। अगर लोग उन्हें पुनर्वास केंद्रों तक पहुंचने में मदद करेंगे तो उनका जीवन बेहतर बन सकता है।
