जबलपुर। शहर के सदर क्षेत्र का कुख्यात सटोरिया रीतेश चौकसे उर्फ चूना बुधवार रात पुलिस के हत्थे चढ़ गया। क्राइम ब्रांच और पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर के कई इलाकों में दबिश देकर सट्टा लिखने वाले अन्य आरोपियों को भी पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के पास से सट्टा पर्ची और नकदी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार रीतेश चौकसे सहित 5 सटोरियों को सट्टा लिखते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया है। वहीं सट्टा खिलाने वाला आरोपी शेखर सोनकर भी पुलिस की गिरफ्त में आ गया है।
केंट थाना प्रभारी पुष्पेंद्र पटले ने बताया कि गली नंबर 16 सदर में रीतेश चौकसे अपने घर के बाहर कागज पर सट्टा लिख रहा था। पुलिस को देखकर उसने कागज फाड़ने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।
वहीं बेलबाग थाना पुलिस ने भानतलैया पानी की टंकी के पास पुरानी कलारी के पीछे सट्टा लिखते हुए रोहित सोनकर को पकड़ा। पूछताछ में उसने बताया कि वह शेखर सोनकर के कहने पर सट्टा लिख रहा था।
इसके अलावा सिविल लाइन थाना पुलिस ने पावर हाउस इंदिरा मार्केट में सट्टा पट्टी लिखते हुए निखिल सोनकर को गिरफ्तार किया। इसी क्षेत्र में मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर अशोक कलार को भी सट्टा लिखते हुए पकड़ा गया।