akhbaar update

रेप व पॉक्सो में फंसाने की धमकी देकर वसूली की कोशिश, तथाकथित पत्रकार समेत तीन गिरफ्तार

 



जबलपुर। संजीवनी नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने रेप और पॉक्सो एक्ट में फंसाने की धमकी देकर रकम वसूलने की कोशिश करने वाले एक तथाकथित पत्रकार और उसके दो साथियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई शिकायतकर्ता डॉ. अमित खरे की शिकायत पर मंगलवार 10 मार्च की देर रात की गई। पुलिस ने आरोपियों के पास से स्कॉर्पियो वाहन और एक निजी न्यूज चैनल की माइक आईडी भी जब्त की है।

पुलिस के अनुसार आरोपी प्रवीण सिंह खुद को एक निजी न्यूज चैनल का रिपोर्टर बताकर डॉ. अमित खरे से 37 लाख रुपए की मांग कर रहा था। उसने धमकी दी थी कि एक युवती उनके खिलाफ रेप और पॉक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कराने वाली है। शिकायतकर्ता ने बताया कि 27 फरवरी को उनके मोबाइल पर व्हाट्सएप कॉल आया, जिसमें कॉल करने वाले ने अपना नाम प्रवीण सिंह बताया और कहा कि वह उनके दोस्त अभिषेक पांडे को जानता है। इसके बाद दोनों के बीच लगातार बातचीत होती रही।

मोलभाव के बाद 37 लाख से 10 लाख पर आकर रुकी डील
28 फरवरी को आरोपी ने फिर कॉल कर बताया कि एक युवती उनके खिलाफ रेप की एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी कर रही है और वह चाहें तो इसे रुकवा सकता है। 1 मार्च को उसने फिर कॉल कर कहा कि युवती नागपुर से आने वाली है और अगर बचना है तो 37 लाख रुपए की व्यवस्था करनी होगी। बाद में सौदेबाजी के दौरान यह रकम 25 लाख और फिर 10 लाख रुपए तक आ गई।

कछपुरा ब्रिज पर रुपए लेते ही पुलिस ने तीनों को दबोचा
9 मार्च को आरोपी ने फिर कॉल कर 10 लाख रुपए की मांग की और कुछ दिनों का समय दिया। मंगलवार शाम बातचीत के दौरान कछपुरा ब्रिज पर मिलने की बात तय हुई। रात करीब 9 बजे जब अमित खरे रुपए देने पहुंचे और बैग आरोपी प्रवीण सिंह को सौंपा, तभी पहले से घात लगाए बैठी पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। आरोपी स्कॉर्पियो वाहन से मौके पर पहुंचे थे।

स्कॉर्पियो की तलाशी में माइक आईडी और शराब की बोतल बरामद
पुलिस को आरोपियों की स्कॉर्पियो से एक निजी न्यूज चैनल की माइक आईडी और शराब की बोतल भी मिली है। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी खुद को रिपोर्टर बताते हुए पुलिस पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहा था।

पूछताछ में शहर के बाहर के गिरोह से जुड़ाव की बात आई सामने
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि यह काम उसने शहर से बाहर की एक गैंग के कहने पर किया है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की जानकारी जुटा रही है। संजीवनी नगर थाना पुलिस ने प्रवीण सिंह और उसके दो साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी बीडी द्विवेदी के अनुसार पुलिस उस युवती की भी तलाश कर रही है, जिसका जिक्र आरोपी बार-बार कर रहा था।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update