akhbaar update

मवेशी टकराने से ओएचई लाइन क्षतिग्रस्त, कटनी–जबलपुर रेलखंड पर 2 घंटे से यातायात बाधित

 


जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर रेल मंडल अंतर्गत कटनी–जबलपुर रेलखंड में देवरी और अधारताल के बीच ओएचई लाइन क्षतिग्रस्त होने से अप लाइन पर रेल यातायात पिछले करीब दो घंटे से बाधित है। इस दौरान करीब 8 ट्रेनों को पिछले स्टेशनों पर रोककर रखा गया है।

बताया जा रहा है कि बुधवार 11 मार्च को दोपहर लगभग 12 बजे कटनी की ओर से जबलपुर आ रही एक ट्रेन के इंजन से किलोमीटर 1003/3 के पास एक मवेशी टकरा गया। टक्कर के बाद मवेशी उछलकर ओएचई के खंभे से जा टकराया, जिससे सेंटीलीवर और ओएचई वायर क्षतिग्रस्त हो गई तथा बिजली आपूर्ति प्रभावित हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही जबलपुर से ओएचई मरम्मत टीम मौके पर पहुंच गई। खबर लिखे जाने तक कर्मचारी लाइन को दुरुस्त करने में जुटे हुए थे, ताकि जल्द से जल्द रेल यातायात बहाल किया जा सके।

8 ट्रेनें प्रभावित
इस घटना के कारण कटनी से जबलपुर आने वाली अप लाइन की लगभग 8 ट्रेनें प्रभावित हुई हैं, जिन्हें पिछले स्टेशनों पर रोककर रखा गया है। रेल अधिकारियों के अनुसार यातायात बहाल होने में अभी कुछ और समय लग सकता है।

अधिकारियों का कहना
रेलवे अधिकारियों के अनुसार देवरी–अधारताल के बीच कैटल रन ओवर की घटना हुई, जिसमें मवेशी उछलकर ओएचई पोल से टकरा गया। इससे ओएचई लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। रेलवे कर्मचारी मौके पर मरम्मत कार्य में जुटे हैं और जल्द ही रेल संचालन सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update